पौड़ी,
पौड़ी जिले के पाबौ ब्लॉक प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को आज बड़ा झटका लगा, जब आठ क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा प्रत्याशी लता रावत के समर्थन में आ गए। इनमें से सात सदस्य कांग्रेस छोड़ सीधे भाजपा में शामिल हुए, जबकि एक सदस्य ने बाहर से समर्थन की घोषणा की।
ब्लॉक के कुल 27 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से पहले ही 18 सदस्य भाजपा प्रत्याशी के साथ थे। आठ और सदस्यों के जुड़ने से भाजपा का आंकड़ा प्रचंड बहुमत में पहुंच गया है और लता रावत की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
सबसे बड़ा राजनीतिक नुकसान कांग्रेस को तब हुआ जब पार्टी के मंडल अध्यक्ष और कोटली क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधीर रावत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भाजपा में आज शामिल हुए सदस्य:
-
सुधीर रावत (कोटली, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष)
-
सोहन सिंह (जतखोली)
-
सुनील सिंह (बुरांसी)
-
गजेंद्र सिंह (सिमतोली)
-
नरेश सिंह (पटौटी)
-
कृष्ण चंद्र (कालौं)
-
जीत सिंह (फलदवाडी)
इसके अलावा सिमखेत की क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश ने बाहर से समर्थन देने की घोषणा की।
कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत के आवास पर हुआ, जहां पौड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर और डॉ. रावत ने सभी नए सदस्यों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, पाबौ मंडल अध्यक्ष विमल, खिरसू मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला, जिला पंचायत सदस्य भारत रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता मातवर सिंह रावत, हेमंत सिंह (पूर्व मंडल अध्यक्ष, खिरसू), रमेश मानदरवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।