देहरादून में भारी बारिश: एसएसपी ग्राउंड जीरो पर, प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

देहरादून ,

देहरादून में देर रात से जारी भारी बारिश के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वयं मैदान में उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं। लगातार हो रही बरसात से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है और नदी-नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।

नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रिस्पना नदी का पुश्ता ढहने से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों की स्थिति देखी और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के निर्देश दिए। साथ ही, आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों को भी एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि:

  • नदी और नालों के किनारे नियमित गश्त करें

  • लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को सतर्क करें

  • राहत और बचाव उपकरणों के साथ पुलिस टीमों को हर समय तैयार रखें

  • आपदा संबंधी किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दें

पुलिस और प्रशासनिक टीमें मिलकर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि भारी बारिश के बीच आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *