देहरादून ,
दून घाटी में सोमवार को लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह जलभराव हो गया है और सड़कों पर नदी जैसा मंजर देखने को मिल रहा है। नदी किनारे बसे लोगों को प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आपदा कंट्रोल रूम से हालात की पल-पल की जानकारी लेते हुए कई स्थानों का दौरा किया। क्यूआरटी (QRT) टीमें रेस्क्यू कार्यों में जुटी हुई हैं।
राजीव नगर में रिस्पना नदी के किनारे बसे परिवारों के लिए प्रशासन ने एक स्थानीय गेस्ट हाउस में 15 कमरे अधिग्रहित किए हैं और भोजन की व्यवस्था भी की है। मवेशियों के लिए पास का खाली मैदान अधिग्रहित कर लिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर नदी किनारे रहने वाले परिवारों को गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी ने दीपनगर क्षेत्र का जायजा लिया और राहत कार्यों की समीक्षा की। प्रशासन ने सभी तहसीलों को अलर्ट मोड पर रखा है और लगातार हालात की निगरानी की जा रही है।