उत्तरकाशी ,
हर्षिल-धराली आपदा के बाद राहत और पुनर्स्थापना के प्रयास तेज़ हैं। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे और पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने उत्तरकाशी आपदा कंट्रोल रूम में राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सरकार प्रभावितों को सूखा राशन और सभी आवश्यक वस्तुएं लगातार उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विद्युत आपूर्ति बहाल हो चुकी है, संचार नेटवर्क पहले ही चालू कर दिया गया था। सड़क संपर्क बहाली के लिए कार्य युद्धस्तर पर जारी है, गंगनानी के पास लिमच्यागाड़ वेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है।
आयुक्त ने स्वास्थ्य, बिजली, पानी और खाद्य आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही, राहत सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और वितरण में तेजी लाने पर जोर दिया।