देहरादून ,
मुख्यमंत्री के जनसुरक्षा और जनजीवन को सर्वोपरि मानते हुए जिला प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। देहरादून शहर में स्थित चार शराब की दुकानों को स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीएम सविन बंसल की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पुलिस और यातायात विभाग की सिफारिश पर सनपार्क इन चौक, बिंदाल तिराहा, रोजगार तिराहा और चूना भट्टा स्थित शराब की दुकानों को शहर में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक जाम की मुख्य वजह माना गया। इन दुकानों के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ रही थी। डीएम ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक सप्ताह के भीतर इन दुकानों को शिफ्ट करने का आदेश दिया है।
डीएम बंसल ने कहा कि जनसुरक्षा और जनजीवन में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार सशक्त सड़क सुरक्षा समिति जनहित में लगातार निर्णय ले रही है।
इसके अलावा शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए कई अन्य कदम उठाए जा रहे हैं:
-
23 स्थानों पर ट्रैफिक में बाधक बन चुके विद्युत पोल शिफ्ट किए जा रहे हैं।
-
16 जगहों पर दुकानों को विस्थापित कर लेफ्ट टर्न की व्यवस्था बनाई जा रही है।
-
10 स्थानों पर पुलिस बूथों का पुनर्स्थापन किया जाएगा।
-
जाखन, संचार कट, 6 नंबर पुलिया और सर्विस लेन पर स्लीप वे निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है।
इन सभी कार्यों की निगरानी खुद डीएम कर रहे हैं ताकि जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।