डेंगू सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर महानगर कांग्रेस का नगर निगम में प्रदर्शन

चिकित्सालयों में डेंगू के मरीजों को न तो प्लेटलेट्स और न ही दवाईयां हो रही उपलब्ध
देहरादून ,

दून नगर क्षेत्र में समुचित फॉगिंग न होने के कारण, सीवर लाइन के आधे अधूरे पड़े निर्माण कार्य के कारण तथा अन्य अधूरे निर्माण कार्यों के कारण डेंगू का भीषण प्रकोप के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। आज महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर पाल सिंह गोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर निगम में इकटठा हुए और वहां पर डेंगू के भीषण प्रकोप के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि नगर निगम द्वारा डेंगू को नियंत्रित करने में जो तत्परता दिखानी चाहिए थी वह नहीं दिखी जिससे शहर के लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में तथा जरूरी कार्रवाई की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया जा रहा है और जल्द ही इस ओर कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। इस अवसर पर गोगी ने कहा है कि लगातार हुई भारी बरसात, स्मार्ट सिटी के नाम पर किये गये आधे अधूरे निर्माण कार्यों, सडकों व नालियों में जलभराव व नगर निगम की अव्यवस्था के कारण दून महानगर के लगभग सभी इलाकों में डेंगू का प्रकोप भयावह रूप धारण कर पूरी तरह पैर पसार चुका है। उन्होंने कहा कि दून में डेंगू के कारण कई लोग असमय काल के ग्रास बन चुके है तथा अस्पतालों में रोज सैकडों नये मरीज भर्ती हो रहे है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा डेंगू की रोकथाम के लिए कारगर कदम नहीं उठाये जा रहे है। दून महानगर के राजकीय दून मेडिकल कालेज, राजकीय गांधी शताब्दी चिकित्सालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय सहित सभी चिकित्सालयों में डेंगू से पीडित मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढती जा रही है परन्तु रोगियों की संख्या के हिसाब से चिकित्सालयों में चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी तथा दवाओं की कोई व्यवस्था नहीं है ओर राजकीय दून मेडिकल कालेज एवं चिकित्सालय सहित अन्य चिकित्सालयों में डेंगू के मरीजों को न तो प्लेटलेट्स ही उपलब्ध हो रहे हैं और न ही दवाई उपलब्ध हो पा रही है। उन्होंने कहा कि ब्लड टेस्ट, सिटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्राउसंड के दाम काफी अधिक होने के कारण गरीब मरीजों की पकड से बाहर होते जा रहे है। इस अवसर पर अनेकों कांग्रेसजन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *