देहरादून ,
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलो 86 ग्राम अवैध गांजे के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलीगढ़ से गांजा लेकर देहरादून पहुंचे थे और इसे सपेरा बस्ती व आसपास के क्षेत्रों में बेचने की तैयारी में थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम ने दीपनगर क्षेत्र में रेलवे पटरी पुल के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 7 किलो 86 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश कुमार (29 वर्ष) निवासी ग्राम आलमपुरा, थाना चंदौस, जनपद अलीगढ़ और बंटी सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम आलमपुरा, थाना चंदौस, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा अलीगढ़ से लेकर देहरादून आए थे और इसे सपेरा बस्ती तथा आसपास के क्षेत्रों में नशे के आदी लोगों को बेचने की योजना थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महेश कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ देहरादून के रानीपोखरी थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है और वह पूर्व में मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा संख्या 330/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, चौकी प्रभारी बाईपास, कांस्टेबल विक्रम बंगारी, कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी और कांस्टेबल चक्षु कुमार शामिल रहे।