2027 में जीत की हैट्रिक के संकल्प के साथ भाजपा गढ़वाल संभाग की बैठक संपन्न

देहरादून,

भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए गढ़वाल संभाग की सांसद-विधायक बैठक में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनावी एवं संगठनात्मक रणनीति पर विस्तृत मंथन किया। बैठक में आगामी चुनाव में जीत की हैट्रिक का संकल्प लेते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय बलबीर रोड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में आयोजित बैठक में टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, विधायक एवं जिला अध्यक्ष शामिल हुए। लोकसभावार बैठकों में विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों, राजनीतिक एवं सामाजिक समीकरणों तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पार्टी द्वारा लगातार क्रमवार बैठकें कर जमीनी फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को कहा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं संभाग की बैठकों में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की गई है। कमजोर और पिछली बार हारी हुई सीटों पर विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास, युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम तथा विकास कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंडल पदाधिकारियों और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ सामूहिक बैठकें आयोजित की जाएंगी।

गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बलूनी ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव विकास के पिछले करीब दस वर्षों के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें इस बार दूर कर अधिक मेहनत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।

हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा इस बार हरिद्वार जिले में पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत और सावधानी के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, तरुण बंसल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *