नकल माफिया, कोचिंग माफिया सरकार को बदनाम करने का षडयंत्र रच रहे हैं, इसका जल्द खुलासा होगा: सीएम

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि नकल माफिया और कोचिंग माफिया सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं और इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।

धामी ने याद दिलाया कि 4 जुलाई 2021 को जब उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था, तब विभिन्न विभागों में करीब 22 हजार पद रिक्त थे। सरकार के प्रयासों से अब तक 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है और इनमें किसी भी परीक्षा में नकल का मामला सामने नहीं आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके चलते कुछ लोग असहज होकर षड्यंत्र रच रहे हैं। धामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि नकल माफिया को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे प्रयास हुए, लेकिन सरकार ने पारदर्शी ढंग से परीक्षाओं का आयोजन कर नकल माफिया के इरादों पर पानी फेर दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तराखंड का आने वाला समय विकास और स्थिरता के नाम रहेगा।

सीएम ने यह भी कहा कि इस बार पूरा हिमालयी क्षेत्र आपदा की जद में आया है। उनकी प्राथमिकता आपदा प्रभावितों तक तुरंत राहत और बचाव पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वैज्ञानिक संस्थानों की मदद से आपदाओं के कारणों का अध्ययन कर रही है ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, प्रो. सुरेखा डंगवाल, प्रो. दुर्गेश पंत और वरिष्ठ पत्रकार पवन लालचंद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *