युवाओं में सही खानपान, नवाचार और सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
देहरादून,
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज “ईट राइट यूथ हैकथॉन – इनोवेशन चैलेंज” का शुभारंभ किया। यह आयोजन युवाओं में नवाचार की भावना, सही खानपान की संस्कृति और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि इस हैकथॉन का उद्देश्य राज्य के युवाओं में “Eat Right, Eat Healthy, Eat Sustainable” — सही खाओ, स्वस्थ खाओ, टिकाऊ खाओ — की अवधारणा को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सा और तकनीकी संस्थानों के छात्र इसमें भाग लेकर “ईट राइट” विषय पर अपने नवोन्मेषी विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे।
मंत्री ने कहा कि राज्य में हाल के वर्षों में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों — जैसे मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव और हृदय रोग — में तेज वृद्धि हुई है। “ईट राइट इनोवेशन चैलेंज” युवाओं के लिए यह अवसर लेकर आया है कि वे राज्य की खाद्य प्रणाली को अधिक स्वस्थ, सुरक्षित और टिकाऊ बनाने हेतु नए समाधान प्रस्तुत करें।
डॉ. रावत ने आगे कहा, “यदि हम अपने भोजन की गुणवत्ता, पोषण और खानपान की आदतों में सुधार लाएँ, तो जीवनशैली आधारित बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। यह हैकथॉन युवाओं को इस दिशा में सोचने और समाज में जागरूकता फैलाने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।”
यह कार्यक्रम Nutrition Connect एवं GAIN India (Global Alliance for Improved Nutrition) के सहयोग से तथा Academy of Management Studies (AMS) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, प्रोटोटाइप विकसित करने तथा डिजिटल और सामाजिक नवाचारों के माध्यम से “ईट राइट” अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ विचारों को राज्य स्तर पर पुरस्कार, सम्मान एवं कार्यान्वयन के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Fit India Movement के विजन को साकार करेगी और “स्वस्थ उत्तराखंड – सशक्त उत्तराखंड” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के उप आयुक्त श्री गणेश कंडवाल, GAIN India की कंट्री हेड सुश्री एस. देबजानी, सुश्री विजेता, और एएमएस के वरिष्ठ सलाहकार श्री जे.सी. पांडे सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
