प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा से जुड़े युवाओं, उद्यमियों और महिलाओं से किया संवाद – uttarakhandawaaz.in

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा से जुड़े युवाओं, उद्यमियों और महिलाओं से किया संवाद

एफआरआई, देहरादून में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड’ की भावना को सराहा

देहरादून,

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर एफआरआई (Forest Research Institute), देहरादून में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की विकास यात्रा में योगदान देने वाले युवाओं, उद्यमियों, महिलाओं और हितधारकों से संवाद किया। यह संवाद उत्तराखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों और नागरिक सहभागिता पर आधारित रहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि “उत्तराखंड की विकास गाथा केवल सरकारों की योजनाओं की कहानी नहीं, बल्कि राज्य के आम लोगों की मेहनत, नवाचार और आत्मविश्वास की जीवंत मिसाल है।”

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, युवा नवाचारक, पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े उद्यमी, तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे राज्य सरकार की योजनाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी ढाँचे और नवाचार को बढ़ावा देने से उनकी आजीविका और जीवन स्तर में सुधार हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन सभी लोगों की सफलता की कहानियाँ “विकसित भारत 2047” के सपने को साकार करने में प्रेरणा का कार्य करेंगी। उन्होंने इन्हें “आत्मनिर्भर, सशक्त और सतत उत्तराखंड” का प्रतीक बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की प्रगति जनभागीदारी, सामुदायिक नेतृत्व और नवाचार की भावना से प्रेरित है। यह संवाद “विकसित उत्तराखंड” की दिशा में जनसहयोग आधारित विकास मॉडल की झलक प्रस्तुत करता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

4 thoughts on “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा से जुड़े युवाओं, उद्यमियों और महिलाओं से किया संवाद”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *