एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई: 125 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, चला बुलडोजर

देहरादून ,

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अनियोजित विकास के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को लगभग 125 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण उपविधियों के अंतर्गत की गई, जिसमें अवैध रूप से विकसित की जा रही आंतरिक सड़कों और प्लॉटिंग संरचनाओं पर बुलडोजर चलाया गया।

एमडीडीए द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और प्लॉटिंग न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे शहरी अव्यवस्था, पर्यावरणीय असंतुलन और भविष्य की विकास योजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण समय-समय पर ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई कर रहा है।

होरावाला रोड छरबा में 25 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास, आलोक नौटियाल द्वारा होरावाला रोड, छरबा, आईटीआई के समीप देहरादून क्षेत्र में लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना अनुमति अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। भूमि का अनधिकृत विभाजन कर प्लॉट काटे गए थे और आंतरिक सड़कें विकसित की जा रही थीं। एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।

लांघा रोड छरबा सहसपुर में 100 बीघा भूमि पर कार्रवाई
इसी क्रम में तड़ियाल एवं जोशी द्वारा लांघा रोड, छरबा, सहसपुर क्षेत्र में लगभग 100 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। यहां कॉलोनी के रूप में प्लॉट चिन्हित कर सड़कों का निर्माण किया जा रहा था। एमडीडीए की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, सीमांकन एवं अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सिद्धार्थ सेमवाल, सुपरवाइजर मनीश नौटियाल सहित एमडीडीए का तकनीकी स्टाफ और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

आमजन को किया गया सतर्क
एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि भूमि क्रय-विक्रय या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति अवश्य लें। बिना अनुमति किए गए निर्माण या प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण के साथ-साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती
एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियोजित विकास एमडीडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन के हितों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण लगातार अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए है। बिना स्वीकृति किए जा रहे किसी भी विकास कार्य पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और आम नागरिकों से आग्रह किया गया है कि भूमि खरीदने या निर्माण से पहले प्राधिकरण की अनुमति अवश्य जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *