सेवा पखवाड़ा: एसजीआरआर इंटरनेशनल स्कूल सहसपुर पहुँचे मुख्यमंत्री धामी, शिक्षा और संस्कार की सराहना

देहरादून ,

सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुँचे। विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, पुष्पवर्षा और पारंपरिक स्वागत के साथ गर्मजोशी से अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यालय के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुँचकर सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। संस्थान समाज के सभी वर्गों को प्राथमिक शिक्षा, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, मेडिकल शिक्षा और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है, जो सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, शिक्षा के साथ संस्कार अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर तथा श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला जी, पुनीत मित्तल, मुख्यमंत्री के सचिव वंशीधर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि एसजीआरआर इंटरनेशनल स्कूल सहसपुर क्षेत्र का प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है, जहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय के नवीन भवन, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के आगमन को विद्यालय के लिए प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *