देहरादून,
देहरादून पुलिस ने हजारों लोगों को भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य अभियुक्त जगमोहन सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी कंपनी “माइक्रो फाइनेंस इंडिया एसोसिएशन” के माध्यम से भोले-भाले लोगों को ऊंचे ब्याज और भारी मुनाफे का लालच दिया।
कंपनी में आरडी, एफडी और डीडीएस खाते खुलवाकर लोगों से निवेश कराया गया। बाद में आरोपी लाखों-करोड़ों रुपये हड़पकर फरार हो गया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद नेहरू कॉलोनी थाने में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण पुण्डीर ने स्वयं वादी बनकर मुकदमा दर्ज कराया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि कंपनी के फाउंडर मेंबर जगमोहन सिंह चौहान और डायरेक्टर नीलम चौहान (पत्नी) ने संयुक्त रूप से यह फाइनेंस कंपनी संचालित की थी।
खाते सीज, आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कंपनी से जुड़े सभी बैंक खातों को सीज कर दिया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना रोड, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से जगमोहन सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे उच्च ब्याज और भारी मुनाफे के लालच में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध निवेश योजना की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या साइबर क्राइम शाखा को दें।
