देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर देहरादून शहर को सुनियोजित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए विकास कार्यों को तेजी दी जा रही है। इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
राज्य सरकार की प्राथमिकता शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना तथा यातायात, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना
इंदिरा मार्केट और टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बाजार में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से यह परियोजना संचालित की जा रही है। प्रथम चरण का कार्य प्रगति पर है।
-
C और D ब्लॉक में दो तल का बेसमेंट निर्माण पूर्ण
-
शीर्ष तल का निर्माण कार्य जारी
-
तीन तल के बेसमेंट में कुल 1050 कार पार्किंग की व्यवस्था
-
परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य
सचिव ने निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आढ़त बाजार परियोजना
तहसील चौक से सहसपुर चौक के बीच सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि में नया आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है।
-
वर्तमान सड़क चौड़ाई 16–18 मीटर, प्रस्तावित चौड़ाई 24 मीटर
-
लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल पार्किंग
-
वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड टैंक, एसटीपी और पार्क विकसित किए जा रहे
-
विद्युत व पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था
डॉ. राजेश कुमार ने गुणवत्ता से समझौता न करने और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मल्टी लेवल कार पार्किंग, तहसील परिसर
पलटन बाजार और तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग समस्या के समाधान हेतु नवीन तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल पार्किंग प्रस्तावित है।
-
लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग क्षमता प्रस्तावित
-
दरबार साहिब के साथ वार्ता प्रक्रिया जारी
सचिव ने अधिकारियों को वार्ता शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
सचिव का बयान
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून के संतुलित और समग्र विकास के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधाओं को मजबूत करेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप, पारदर्शिता के साथ और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।