देहरादून ,
पटेलनगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार (4 नवंबर) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक आई-20 कार और कंटेनर ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के नीचे फंस गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में मौजूद छह वर्षीय बच्चे को पुलिस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे कोतवाली पटेलनगर को मोहब्बेवाला चौक पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस और फायर स्टेशन की टीम आपदा उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल चारों लोगों को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कार में सवार छह वर्षीय बालक को पुलिस टीम ने सकुशल रेस्क्यू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे।
हादसे में घायल लोगों का विवरण:
- मिश्रेष कपूर (38 वर्ष)
- निशा आनंद कपूर (38 वर्ष), पत्नी
- किरण कपूर (63 वर्ष), मां
- नीरज (कार चालक)
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हादसे में फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
