समर वैली स्कूल प्रकरण: आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी न होने पर संयुक्त नागरिक संगठन नाराज, तेजतर्रार अधिकारी से जांच कराने की मांग – uttarakhandawaaz.in

समर वैली स्कूल प्रकरण: आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी न होने पर संयुक्त नागरिक संगठन नाराज, तेजतर्रार अधिकारी से जांच कराने की मांग

सचिव गृह शैलेश बगौली को सौंपा ज्ञापन, पुलिस जांच में तेजी लाने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग

देहरादून ,

समर वैली स्कूल, डालनवाला प्रकरण में आरोपी शिक्षक की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर संयुक्त नागरिक संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सचिव गृह शैलेश बगौली से मुलाकात कर मामले की जांच में तेजी लाने और आरोपी शिक्षक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सचिव गृह को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की अपील की। सचिव गृह ने मामले में आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में संगठन के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र भट्ट, सचिव अवधेश शर्मा और महासचिव सुशील त्यागी शामिल रहे। इससे पहले संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) से भी मुलाकात करने का प्रयास किया। हालांकि, संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंप दिया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय पैरेंट्स एसोसिएशन के आरिफ खान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के मुकेश नारायण शर्मा, सांख्य योग फाउंडेशन के डॉ. मुकुल शर्मा और पीड़ित छात्रा की माता बीना शर्मा भी मौजूद रहीं।

24 अक्टूबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी

संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि समर वैली स्कूल, डालनवाला में एक शिक्षक पर 11वीं कक्षा की छात्रा के शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न के आरोप हैं। इस संबंध में 24 अक्टूबर 2026 को थाना डालनवाला में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला सामने आने के बाद समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों में भी इसे प्रमुखता से उठाया गया। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को सेवा से हटा दिया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

दस दिन बाद भी जांच में तेजी नहीं आने पर सवाल

ज्ञापन में कहा गया कि पॉक्सो एक्ट से जुड़े इस संवेदनशील मामले की जांच करीब 10 दिनों से लंबित है। आधुनिक संचार तकनीक और पुलिस संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद कार्रवाई में हो रही देरी चिंता का विषय है। संगठन ने मांग की कि मामले की जांच किसी तेजतर्रार वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित हो सके और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो।

न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठीं पीड़िता की मां

संगठन ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से निराश पीड़ित छात्रा की मां स्कूल के मुख्य गेट पर धरना देने को मजबूर हैं। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

संगठन ने स्पष्ट किया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *