बाजारों में दिन में तीन बार होगी अग्निशमन वाहनों की गश्त, 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील
देहरादून ,
दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर जनपद के 41 स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की है। इसके अलावा शहर के 23 महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों पर फायर टैंकर तैनात रहेंगे, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित निगरानी और जांच की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं, जबकि शेष को भी जल्द दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों की ओर से दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक
अग्निशमन विभाग की ओर से आमजन और व्यापारियों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों में विद्युत उपकरणों और बिजली के लोड पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत लोड न लें और बिजली के कनेक्शन एवं उपकरणों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करें। इसके साथ ही दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
फायर ब्रिगेड के रास्ते में बाधा न डालें
अग्निशमन विभाग ने व्यापारियों और आमजन से बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बाजारों में अनावश्यक भीड़ और वाहनों की गलत पार्किंग से आपातकालीन सेवाओं को पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
दीपावली के दौरान सुरक्षित अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि सतर्कता बरतें, बिजली के उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करें और किसी भी तरह की आगजनी की घटना होने पर तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
