देहरादून ,
उत्तराखण्ड पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि जनपद नैनीताल में नियुक्त आरक्षी किशन सिंह का चयन भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में सुरक्षा सहायक के पद पर हुआ है। उन्हें विदेश मंत्रालय में अधिकतम चार वर्ष की प्रतिनियुक्ति अवधि के लिए चयनित किया गया है।
आरक्षी किशन सिंह का यह चयन उनके अनुशासित आचरण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाभाव का परिणाम माना जा रहा है। उनके चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखण्ड पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ ने आरक्षी किशन सिंह को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखण्ड पुलिस के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आरक्षी किशन सिंह अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा भारत सरकार के साथ-साथ उत्तराखण्ड पुलिस की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करेंगे।
— मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड