देहरादून ,
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से आज लोक भवन में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की भूमिका तथा तकनीक के माध्यम से शिक्षा की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा को दूरदराज और वंचित क्षेत्रों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में जहां परंपरागत शिक्षा तक पहुंच सीमित है।
प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने राज्यपाल को अवगत कराया कि उन्होंने जुलाई 2025 में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति का पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय की नई शैक्षणिक योजनाओं, तकनीकी नवाचारों तथा पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में शैक्षणिक पहुंच को व्यापक बनाने की रणनीतियों की जानकारी भी साझा की।