उत्तराखंड: सीएम धामी ने हर्षिल तक रोड कनेक्टिविटी दो दिन में बहाल करने के निर्देश

देहरादून ,

धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्षिल तक सड़क संपर्क दो दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। लिमच्यागाड़ वैली ब्रिज के संचालन के बाद मंगलवार तक यह कनेक्टिविटी बहाल होने की संभावना है।

सीएम ने जिलाधिकारी को धराली के 108 बेघर परिवारों से निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनके रहने, भोजन, दवाइयों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त निजी और सार्वजनिक संपत्तियों का आकलन सात दिन में पूरा कर केंद्र सरकार को भेजने को कहा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आपदा में ध्वस्त कल्प केदार देवता मंदिर का पुनर्निर्माण किया जाएगा और प्रभावितों का “बेहतरीन विस्थापन” सुनिश्चित होगा। उन्होंने सभी से नकारात्मक एवं भ्रामक प्रचार से बचने और राहत कार्यों में जन सहयोग देने की अपील की।

धराली क्षेत्र के चैनलाइजेशन के लिए जियोलॉजिस्ट की टीम सोमवार सुबह रवाना होगी। सीएम ने पौड़ी आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की, जहां अब तक 50.86 लाख रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *