दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्कैन एंड शेयर से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, मरीजों को मिली लंबी लाइनों से राहत

देहरादून ,

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी पर्चा काउंटरों पर स्कैन एंड शेयर के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत कर दी गई है। इस नई व्यवस्था से मरीजों को लंबी कतारों और बार-बार कागजी पर्चा बनवाने की परेशानी से राहत मिलेगी, वहीं वे घर बैठे भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

मंगलवार को पहले दिन करीब 500 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। हालांकि शुरुआती दौर में कर्मचारियों और मरीजों को प्रक्रिया समझने में कुछ समय लगा, जिसके कारण दोपहर तक काउंटरों पर भीड़ रही। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में व्यवस्था पूरी तरह सुचारु हो जाएगी और पर्चा बनवाने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।

अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 2000 से 2200 मरीज आते हैं। मरीजों का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रखने के लिए आभा आईडी बनाई जा रही है। अब सभी सात पर्चा काउंटरों के साथ-साथ प्रथम और तृतीय तल के काउंटरों पर भी स्कैन एंड शेयर के जरिए मरीजों की आईडी जनरेट की जा रही है। इस आईडी में मरीज की जांच रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और इलाज से जुड़ी सभी जानकारी सुरक्षित रहेगी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि एक बार आभा आईडी बन जाने के बाद मरीज को किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए केवल अपनी आईडी बतानी होगी। इससे पूरा इलाज संबंधी विवरण तुरंत उपलब्ध हो जाएगा। आईडी बनाने के लिए आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *