मुख्यमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कीं कई अहम घोषणाएं, ग्राम पंचायतों में बनेंगे मुख्यमंत्री खेल क्लब; अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र और मिनी स्टेडियम का भी होगा निर्माण
देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।
खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में होगी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 रुपये और तृतीय 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होगी। वहीं, संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये किए जाएंगे। राज्य स्तर पर यह राशि बढ़ाकर क्रमशः 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये की जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कप के अंतर्गत ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। वर्तमान में आयोजित 32 खेलों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी, जिसमें पारंपरिक खेलों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल बजट में भी वृद्धि की घोषणा की।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का प्रतीक है।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। युवाओं को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। साथ ही उन्होंने नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
