यातायात, बैरिकेडिंग, हेलिपैड सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर; सीसीटीवी कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
देहरादून ,
डीआईजी/एसएसपी ने चारधाम यात्रा, वीआईपी भ्रमणों, जोनल अधिकारियों तथा देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी आयोजनों के दौरान संभावित चुनौतियों, व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हेलिपैड सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन, रूट ड्यूटी और आकस्मिक व्यवस्थाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकें।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की जाएगी। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। संभावित विरोध-प्रदर्शन की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उपमहानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों सहित पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
