देहरादून में पुलिस का सत्यापन अभियान: 176 से अधिक किराएदारों की जांच, 17 भवन स्वामियों पर ₹1.70 लाख का जुर्माना – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में पुलिस का सत्यापन अभियान: 176 से अधिक किराएदारों की जांच, 17 भवन स्वामियों पर ₹1.70 लाख का जुर्माना

वसंत विहार थाना क्षेत्र के ऋषि विहार, हरबंसवाला और भट्टा कॉलोनी में चला अभियान; छह व्यक्तियों का पुलिस एक्ट के तहत चालान

देहरादून ,

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा जनपद में किराएदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्धों के सत्यापन के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करना है।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को थाना वसंत विहार पुलिस ने ऋषि विहार, हरबंसवाला और भट्टा कॉलोनी क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने 176 से अधिक किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

17 भवन स्वामियों पर कार्रवाई

सत्यापन के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 17 भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

वहीं, अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत छह व्यक्तियों के चालान किए गए और उनसे कुल 2,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *