देहरादून ,
देहरादून में थाना राजपुर में नियुक्त अपर उप निरीक्षक (अ0उ0नि0) भूपेन्द्र सिंह का 27 मार्च 2026 को आकस्मिक निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार वेलमेड अस्पताल, देहरादून में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
दिवंगत भूपेन्द्र सिंह मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे (एक पुत्री और एक पुत्र) हैं, जो वर्तमान में देहरादून में निवास कर रहे हैं। वह 25 मार्च 2026 से वेलमेड अस्पताल में भर्ती थे।
भूपेन्द्र सिंह अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के लिए जाने जाते थे। वह अपने कर्तव्यों के प्रति संवेदनशील और पूर्ण रूप से समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने वर्ष 1985 में आरक्षी के रूप में पुलिस विभाग में सेवा शुरू की थी और वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर अपर उप निरीक्षक बने थे।
उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है और सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।