देहरादून ,
बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार और मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। सत्ता के गलियारों में लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
सीएम धामी ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने देश को नई दिशा, ऊर्जा और आत्मविश्वास देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने रामनवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उपहार स्वरूप मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का शुद्ध घी, तथा उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में उत्पादित विभिन्न प्रकार के राजमा और शहद भेंट किए।
इस मुलाकात के बाद भाजपा के अंदर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालिया कैबिनेट विस्तार में कांग्रेसी पृष्ठभूमि से आए विधायकों को अधिक तवज्जो मिलने को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं हैं। साथ ही दायित्वों के बंटवारे की सूची का इंतजार भी जारी है, जिसे लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, आगामी दायित्वों की सूची में भी कांग्रेसी पृष्ठभूमि के नेताओं को उचित स्थान मिलने की संभावना है। वहीं, सीएम धामी और पीएम मोदी की मुलाकात के बाद पार्टी के अंदरूनी समीकरणों में बदलाव की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
कैबिनेट विस्तार के बाद अब मुख्यमंत्री धामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे में दायित्वधारियों की अंतिम सूची जारी होने का इंतजार है, जिस पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर बनी हुई है।