पुलिस लाइन देहरादून में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई, एसएसपी ने सेवाओं को सराहा

देहरादून ,

पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस कार्मिकों की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की उपस्थिति में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस अधीक्षक विकासनगर सहित अन्य सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवाकाल के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और पुलिस विभाग के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। साथ ही अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार और टीम भावना से कार्य करने की क्षमता को भी प्रशंसनीय बताया।

एसएसपी देहरादून ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिस परिवार हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान सामने आई चुनौतियों, ड्यूटी के अनुभवों और समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों को साझा किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को इन अनुभवों से सीख लेने और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उनका अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एसएसपी देहरादून ने सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस विभाग को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा।

सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी:

  1. श्री पंकज गैराला — अपर पुलिस अधीक्षक
  2. श्री राजेन्द्र सिंह — उपनिरीक्षक ना.पु.
  3. श्री विजेन्द्र कुमार — अपर उपनिरीक्षक ना.पु.
  4. श्री गिरीश चन्द्र लोहनी — लीडिंग फायरमैन
  5. श्री भगवान सिंह नेगी — हेड कांस्टेबल ना.पु.

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *