10 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट, दोपहर 12:05 बजे तय हुआ शुभ मुहूर्त – uttarakhandawaaz.in

10 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट, दोपहर 12:05 बजे तय हुआ शुभ मुहूर्त

अन्नकूट पर्व पर विधि-विधान से होगी कपाट बंद करने की प्रक्रिया, शीतकाल में मुखबा गांव में होंगे मां गंगा के दर्शन

उत्तरकाशी ,

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथि और शुभ मुहूर्त निर्धारित कर दिया गया है। शारदीय नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर श्री 5 मंदिर समिति गंगोत्री धाम के पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ कपाट बंद होने का मुहूर्त निकाला।

मंदिर समिति की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को अन्नकूट पर्व के अवसर पर दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव पहुंचेगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मुखबा गांव में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

गंगोत्री धाम में हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण सर्दियों में यहां बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति बनी रहती है। इसी के चलते परंपरा के अनुसार सर्दियों के दौरान धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और मां गंगा की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव में की जाती है।

कपाट बंद होने की तिथि और शुभ मुहूर्त तय होने के साथ ही गंगोत्री धाम की यात्रा के शीतकालीन चरण की तैयारियां भी महत्वपूर्ण हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *