ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास पहाड़ी से टकराया, सेना, एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
देहरादून/चमोली ,
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ समय बाद हेलीकॉप्टर का जोशीमठ घाटी के ऊपर संपर्क टूट गया। इसके साथ ही उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी काम करना बंद कर गया। काफी देर तक हेलीकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने पर विमानन और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के ऊपर मारवाड़ी पुल के पास जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दुर्घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों ने अभियान तेज कर दिया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में टीमों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घटनास्थल के आसपास धुआं और आग दिखाई देने की भी जानकारी सामने आई।
हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल बताए गए हैं।
