राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले विभिन्न प्रतिनिधिमंडल, कार्यकाल के दौरान योगदान की सराहना कर दीं शुभकामनाएं – uttarakhandawaaz.in

राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले विभिन्न प्रतिनिधिमंडल, कार्यकाल के दौरान योगदान की सराहना कर दीं शुभकामनाएं

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और खजानदास सहित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों व शिक्षाविदों ने की मुलाकात

देहरादून ,

राजधानी स्थित उत्तराखंड लोक भवन में शुक्रवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इनमें जनप्रतिनिधि, उत्तराखंड शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और उच्च शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने राज्यपाल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास, उच्च शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में उनके मार्गदर्शन एवं योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ संवाद और उनके अनुभवों से उन्हें प्रेरणा मिली है।

प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड के प्रति राज्यपाल के आत्मीय जुड़ाव, विभिन्न संस्थानों को प्रोत्साहित करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की। साथ ही उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उत्तराखंड के लोगों का स्नेह सदैव याद रहेगा: राज्यपाल

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में अपने कार्यकाल के दौरान देवतुल्य जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का जो स्नेह, सहयोग और विश्वास मिला, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलकर प्रदेश के विकास, शिक्षा, नवाचार और जनकल्याण के लिए कार्य करने का अवसर उनके लिए गौरव का विषय रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, यहां के लोगों की आत्मीयता और देवभूमि के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।

कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने की मुलाकात

राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और खजानदास, सूचना का अधिकार आयोग की अध्यक्ष राधा रतूड़ी, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण सहित अनेक लोग शामिल रहे।

इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने राज्यपाल के कार्यकाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सफल भावी जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *