देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी ने की तैयारियां – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में 20 अक्टूबर को होगा 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी ने की तैयारियां

परेड ग्राउंड में होगा भव्य दशहरा उत्सव, 21 अक्टूबर को निकलेगी भरत मिलाप की शोभायात्रा

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को परेड ग्राउंड में दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार आयोजन का मुख्य आकर्षण 181 फुट ऊंचा रावण का पुतला होगा। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार, 16 अक्टूबर को परेड ग्राउंड में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने की।

प्रेस वार्ता में प्रधान संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, लंका दहन होगा और 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी का आयोजन होगा।

गोपीनाथ मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा

प्रधान संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि 20 अक्टूबर को दोपहर एक बजे शोभायात्रा श्री गोपीनाथ मंदिर से रवाना होकर कालिका माता भवन पहुंचेगी। यहां श्री कालिका मंदिर समिति और संगीत मंडली की ओर से स्वरूपों का स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद शोभायात्रा मोती बाजार, राजपुर रोड और ऐश्लेहॉल होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां शाम 5:30 बजे लंका दहन होगा, जबकि शाम 6:05 बजे 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 से 7:30 बजे तक भव्य आतिशबाजी होगी।

रावण दहन के बाद शोभायात्रा दर्शन लाल चौक, घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए कालिका मार्ग पर वापस पहुंचेगी।

21 अक्टूबर को निकलेगी भरत मिलाप की शोभायात्रा

दशहरा पर्व के अगले दिन बुधवार, 21 अक्टूबर को भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर परिसर से शोभायात्रा निकलेगी। यह कालिका मंदिर मार्ग, चकराता रोड, कनॉट प्लेस, घंटाघर और राजपुर रोड होते हुए ओरिएंट सिनेमा के रास्ते परेड ग्राउंड पहुंचेगी।

परेड ग्राउंड में स्वरूपों की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, कोतवाली, धामावाला, राजा रोड और हनुमान चौक होते हुए मोती बाजार पहुंचेगी। इसके बाद शोभायात्रा कालिका मार्ग पर संपन्न होगी।

181 फुट ऊंचा रावण का पुतला रहेगा आकर्षण का केंद्र

कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार 181 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। दशहरा उत्सव को भव्य बनाने के लिए कमेटी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर दशहरा कमेटी के महामंत्री पंकज कालरा, कोषाध्यक्ष रमेश खनिजो, ग्राउंड प्रमुख हरीश डोरा, संजय चांदना, राज्य मंत्री एवं अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अशोक वर्मा, बन्नू स्कूल के अध्यक्ष अमित कपूर, संजीव विरमानी, रसिक भाटिया, वेद प्रकाश शर्मा, मीडिया प्रभारी संजीव विज, मनोज साहनी, योगेश व्यास सहित कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *