मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में राज्यपाल के योगदान को सराहा
देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के सफल कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उत्तराखंड के विकास, जनकल्याण और विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्यकाल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा प्रदान की। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा, उच्च शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण, पूर्व सैनिकों के कल्याण और जनसेवा जैसे क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को करीब से समझा। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश सरकार, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का सौम्य व्यक्तित्व, सरल व्यवहार, सभी के प्रति आत्मीयता और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रदेश के विकास और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के स्वस्थ, सुखमय और सफल भावी जीवन की कामना की।
वहीं, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोगों का स्नेह, विश्वास और अपनत्व उनके कार्यकाल की अनमोल उपलब्धि है। उन्होंने प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के साथ अपने आत्मीय जुड़ाव को याद किया।
