देहरादून ,
दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंगस्टर अभियुक्त सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 18 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ज्वैलरी और मूर्तियां बरामद की हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त पेशे से कारपेंटर हैं और काम के बहाने अलग-अलग स्थानों पर घूमकर बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी गोपाल कृष्ण अग्रवाल पुत्र स्व. प्यारे लाल, निवासी 26 डी चंद्रनगर, देहरादून ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया तथा पूर्व में इस तरह के अपराधों में शामिल अभियुक्तों और कोर्ट में तारीख पर आने वाले संदिग्धों का सत्यापन किया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 7 जनवरी 2026 की रात्रि चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मद्रासी कॉलोनी के निकट रेलवे लाइन के पास से दो अभियुक्तों जावेद अहमद उर्फ मेराजुद्दीन और फरीद को चोरी की गई ज्वैलरी व घटना में प्रयुक्त औजारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं और कारपेंटर का कार्य करते हैं। लकड़ी चिरान के बहाने वे विभिन्न राज्यों में घूमते हुए बंद घरों को चिन्हित करते और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्तों ने उत्तराखंड के टिहरी, चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, देहरादून सहित जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त जावेद अहमद जनपद पौड़ी का घोषित गैंगस्टर है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। अभियुक्तों ने करीब डेढ़ माह पूर्व कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस न्यायालय से पीसीआर रिमांड लेगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
-
जावेद अहमद उर्फ मेराजुद्दीन पुत्र मोहम्मद रमजान भट्ट, निवासी ग्राम जुडेगा, तहसील गुंडोग, जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 38 वर्ष
-
फरीद पुत्र गुलाम कादिर भट्ट, निवासी उपरोक्त, उम्र 35 वर्ष
बरामद माल
– चोरी की गई ज्वैलरी व मूर्तियां (अनुमानित मूल्य लगभग 18 लाख रुपये)
– आलानकब (लोहे का औजार) – 01
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।