चंपावत में पहली बार होगी कैबिनेट बैठक, बनबसा में जुटेगी धामी सरकार – uttarakhandawaaz.in

चंपावत में पहली बार होगी कैबिनेट बैठक, बनबसा में जुटेगी धामी सरकार

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार को बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 11 बजे प्रस्तावित बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, ऊर्जा और रोजगार समेत प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि राज्य गठन के करीब 26 वर्ष बाद पहली बार चंपावत जिले में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हो रही है। माना जा रहा है कि बैठक में चंपावत सहित सीमांत क्षेत्रों की जरूरतों और विकास से जुड़े प्रस्तावों पर विशेष रूप से मंथन किया जाएगा।

विकास योजनाओं पर हो सकता है फैसला

कैबिनेट बैठक में सड़क और पेयजल व्यवस्था के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं को बेहतर बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, ऊर्जा तथा रोजगार के नए अवसरों से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जा सकता है। इसके अलावा चंपावत जिले के विकास से संबंधित कई प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के समक्ष रखे जाने की संभावना है।

सुबह खटीमा से बनबसा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी रविवार सुबह 10:45 बजे खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई से कार द्वारा बनबसा के लिए रवाना होंगे। करीब 11 बजे वह एनएचपीसी परिसर पहुंचेंगे और एनएचपीसी प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर आयोजित कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बनबसा पहुंचने लगे मंत्री

कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए राज्य सरकार के मंत्रियों का बनबसा पहुंचना शुरू हो गया है। कुछ मंत्री शनिवार शाम को ही बनबसा पहुंच गए, जबकि अधिकांश मंत्रियों के रविवार सुबह पहुंचने की जानकारी है।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आरक्षित रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 1:50 बजे एनएचपीसी बनबसा से खटीमा के लिए रवाना होंगे और करीब 2:15 बजे खटीमा पहुंचेंगे।

चंपावत में पहली बार आयोजित होने वाली यह कैबिनेट बैठक सीमांत जिले के विकास और स्थानीय जरूरतों को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *