सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित – uttarakhandawaaz.in

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया शुभारंभ, 223 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून/विकासनगर,

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को तहसील विकासनगर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन को विभिन्न चिकित्सकीय सेवाएं, स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का शुभारंभ विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरदार जसविंदर सिंह भी मौजूद रहे। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप जिला चिकित्सालय विकासनगर डॉ. प्रताप सिंह ने भी शिविर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर सेवाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

223 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

शिविर में कुल 223 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत 178 लोगों की उच्च रक्तचाप तथा 128 लोगों की मधुमेह की जांच की गई। कैंसर स्क्रीनिंग के अंतर्गत 18 लोगों की सर्वाइकल कैंसर, 15 लोगों की ब्रेस्ट कैंसर तथा 15 लोगों की ओरल कैंसर की जांच की गई।

आरसीएच सेवाओं के तहत चार फॉलो-अप एएनसी जांच की गईं और चार किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण की सुविधा दी गई। 13 लाभार्थियों को पोषण एवं देखभाल संबंधी काउंसलिंग तथा आठ किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में परामर्श दिया गया।

टीबी स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य योजनाओं की भी मिली सुविधा

टीबी कार्यक्रम के तहत 131 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और एक निक्षय मित्र का पंजीकरण किया गया। आरबीएसके एवं आरकेएसके टीम, क्षेत्र की एएनएम, सीएचओ, आयुष्मान तथा टीबी टीम ने भी शिविर में सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में 5 ABHA ID बनाए गए, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इसके अलावा 2 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। विभिन्न जांचों के तहत कुल 52 रक्त संबंधी जांचें की गईं, जिनमें Hb, LFT, RFT और Lipid Profile शामिल रहे। छह दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए/जारी किए गए, जबकि 51 लोगों की एक्स-रे जांच की गई।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं भी उपलब्ध रहीं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र राय, फिजीशियन डॉ. उमंग नौटियाल, ENT विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी कठैत तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ गुप्ता ने लाभार्थियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान कीं।

स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में सेवाएं दीं। टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श, जांच तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की।

अंत में उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आशा कार्यकत्रियों का आभार व्यक्त किया। शिविर में उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के अधिकारी-कर्मचारी एवं आशा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *