कुष्ठ रोग मुक्त व्यक्तियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित – uttarakhandawaaz.in

कुष्ठ रोग मुक्त व्यक्तियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

बहुउद्देशीय शिविर में 50 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, 10 में टीबी के संदिग्ध लक्षण मिले

देहरादून,

के.के.एम. कुष्ठ आश्रम, नालापानी, सहस्रधारा में सोमवार को कुष्ठ रोग से मुक्त व्यक्तियों के लिए बहुउद्देशीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में कुल 50 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें ईएनटी के 5, ऑर्थोपेडिक के 12, नेत्र रोग के 11, महिला रोग के 15 तथा फिजिशियन के 10 मरीज शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 5 लोगों की उच्च रक्तचाप और 2 लोगों की मधुमेह की जांच की गई।

50 लोगों के किए गए छाती के एक्स-रे

शिविर में कुल 50 लोगों के छाती के एक्स-रे किए गए। जांच के दौरान 10 व्यक्तियों में टीबी के संदिग्ध लक्षण पाए गए। संबंधित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे की जांच के लिए जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण तथा शहरी विकास विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लाभार्थियों को दी। इसके अलावा NIEPVD की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती सुनंदा राणा ने संस्थान की ओर से उपलब्ध सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा, श्री बाबूराम तोमर, श्री बी.पी. शर्मा एवं श्री सूरज सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाओं को सत्य साईं सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप ने 30 सेवा दल सदस्यों के सहयोग से सुचारू रूप से संपन्न कराया। शिविर के माध्यम से कुष्ठ रोग से मुक्त व्यक्तियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *