श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में गूंजी एकजुटता की पुकार—‘कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी’ – uttarakhandawaaz.in

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में गूंजी एकजुटता की पुकार—‘कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी’

देहरादून ,

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में शुक्रवार को ब्लड कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों, कैंसर सर्वाइवर्स, विद्यार्थियों और अस्पताल स्टाफ ने एकजुट होकर “कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी” का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्लड कैंसर के लक्षण, समय पर जांच, आधुनिक उपचार, बचाव एवं रोकथाम के साथ कैंसर से जुड़े भय और भ्रांतियों को दूर करने के उपायों पर जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान और चिकित्सकीय परामर्श उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. डॉ. नीलकमल कुमार, डॉ. उत्कर्ष शर्मा, डॉ. अनिल मलिक और वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निशांत सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रो. डॉ. नीलकमल कुमार ने कहा कि कैंसर को लेकर लोगों में पैदा होने वाला भय काफी हद तक जागरूकता की कमी से जुड़ा है। कैंसर सर्वाइवर्स द्वारा अपने संघर्ष और स्वस्थ होने की यात्रा साझा करने से मरीजों और उनके परिजनों को महत्वपूर्ण हौसला मिलता है।

उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान मरीजों को चिकित्सकीय देखभाल के साथ परिवार, मित्रों और चिकित्सकों के भावनात्मक सहयोग की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का उद्देश्य किफायती दरों पर कैंसर उपचार को लोगों के घर के नजदीक उपलब्ध कराना तथा कैंसर सर्वाइवर्स के पुनर्वास में सहयोग करना है।

डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने ब्लड कैंसर के प्रति जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया। वहीं डॉ. निशांत सिन्हा ने ब्लड कैंसर के विभिन्न प्रकारों, लक्षणों, जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने ALL, पीडियाट्रिक ALL, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन और मल्टीपल मायलोमा जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए सकारात्मक सोच, परिवार के सहयोग और चिकित्सकों पर विश्वास को उपचार यात्रा में महत्वपूर्ण बताया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगा एंड नैचुरोपैथी के छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता

ब्लड कैंसर जागरूकता को रचनात्मक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में शबीना एवं शोएब संयुक्त रूप से प्रथम, प्रतिभा नौटियाल द्वितीय और रश्मि तृतीय स्थान पर रहीं।

स्लोगन प्रतियोगिता में कल्पना प्रथम, वैशाली द्वितीय और भारती तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और अस्पताल के कर्मचारियों ने “कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी” के संदेश के साथ कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *