पर्वतारोहियों का साहस, अनुशासन और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी: मुख्यमंत्री – uttarakhandawaaz.in

पर्वतारोहियों का साहस, अनुशासन और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी: मुख्यमंत्री

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान उन्होंने माउंट एकांकागुआ सहित नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले पर्वतारोहण दलों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में हासिल की गई ये उपलब्धियां उत्तराखंड समेत देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण युवाओं में साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करता है।

माउंट एकांकागुआ (6,961 मीटर), अर्जेंटीना के लिए NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक शिखर आरोहण किया।

वहीं, NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर सफल आरोहण किया। एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे अभियानों की सफलताएं राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ ही युवाओं को साहसिक खेलों के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित संस्थान के अधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *