नालापानी चौक पर महिला के अपहरण का प्रयास विफल करने वाली तीन महिला सफाई कर्मचारी सम्मानित – uttarakhandawaaz.in

नालापानी चौक पर महिला के अपहरण का प्रयास विफल करने वाली तीन महिला सफाई कर्मचारी सम्मानित

सफाई के साथ सुरक्षा का भी निभाया जिम्मा, साहस और सूझबूझ की जमकर सराहना

देहरादून ,

सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक पर एक महिला के अपहरण के प्रयास को विफल करने वाली नगर निगम की तीन महिला सफाई कर्मचारियों को उनके साहस और सूझबूझ के लिए सम्मानित किया गया। नगर निगम में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर सौरभ थपलियाल ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला की मौजूदगी में अनीता देवी, माया देवी और सविता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।

महापौर सौरभ थपलियाल ने तीनों महिला कर्मचारियों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निडरता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला को अपहरण के प्रयास से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की यह बहादुरी नगर निगम के साथ-साथ पूरे वाल्मीकि समाज के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि तीनों महिलाओं ने विपरीत परिस्थिति में जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनका यह प्रयास बताता है कि किसी भी आपात स्थिति में सजगता और हिम्मत से बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल), हलका प्रधान अरविंद कुमार, अरुण कुमार और तेजपाल ने भी महिला सफाई कर्मचारियों के साहस की सराहना की और उन्हें बधाई दी।

हिम्मत ने दिखाई मिसाल

नालापानी चौक की इन तीन महिला सफाई कर्मचारियों ने यह साबित कर दिया कि हिम्मत किसी वर्दी, पद या जिम्मेदारी की मोहताज नहीं होती। सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ उन्होंने संकट में फंसी एक महिला की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता और साहस की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *