देहरादून ,
सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक पहले से एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों सेलाकुई स्थित एक ही भवन में किराये पर रहते थे।
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर की देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई पुलिस को सूचना मिली कि जमनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजपाल पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज की बिल्डिंग, जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का 21 सितंबर को पहला जन्मदिन था। इस अवसर पर आरोपी ने अपने घर पर पार्टी आयोजित की थी। पार्टी में राजपाल को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों पहले से ही एक-दूसरे को जानते थे और करीब 10-15 दिन पूर्व भी शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर उनका विवाद हुआ था।
जन्मदिन की पार्टी में नहीं बुलाए जाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। इसी दौरान राजपाल द्वारा जितेंद्र को थप्पड़ मारने पर आरोपी कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और उसने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटना में वांछित आरोपी जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज का मकान, जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष को 22 सितंबर 2026 को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बेटी के जन्मदिन की पार्टी में राजपाल को नहीं बुलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मारपीट के बाद उसने गुस्से में चाकू से राजपाल पर वार कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर, हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज का मकान, जमनपुर, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष।
