डीजीपी दीपम सेठ ने राज्यपाल को साइबर अपराध रोकथाम के प्रयासों से कराया अवगत, आगामी कुंभ की सुरक्षा तैयारियों पर भी हुई चर्चा

देहरादून,

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा, पुलिस कल्याण एवं आधुनिकीकरण तथा आगामी कुंभ मेले की तैयारियों समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

राज्यपाल ने ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार की जाए। अभियान में अभिभावकों, शिक्षकों, चिकित्सकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं युवा संगठनों, पुनर्वास केंद्रों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नशे की रोकथाम और जनजागरूकता के साथ-साथ नशे के आदी लोगों के उपचार एवं पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निजी हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा पर जोर

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, विशेषकर कैंपस से बाहर निजी हॉस्टल और पीजी में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के आसपास अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए तथा शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

भेंट के दौरान पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने प्रदेश में साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्धियों की जानकारी राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया।

कुंभ में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस

आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत राज्यपाल ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग से समग्र एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस कार्मिकों के कल्याण और आधुनिकीकरण पर भी चर्चा

भेंट के दौरान पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण, आवासीय सुविधाओं, पुलिस मॉडर्न स्कूल, दुर्घटना बीमा, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, पुलिस आधुनिकीकरण तथा तकनीकी नवाचारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

राज्यपाल ने पुलिस बल के कल्याण के साथ-साथ उसकी कार्यदक्षता और तकनीकी क्षमता को निरंतर मजबूत करने तथा आधुनिक तकनीक एवं नवाचारों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *