केंद्रीय बजट से उत्तराखंड में ₹40 हजार करोड़ के विकास कार्य शुरू होंगे: सीएम धामी

पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा विकास, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में लगभग ₹40 हजार करोड़ के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में विकास कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलन बनाकर किए जाएंगे।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, यही कारण है कि केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने केंद्रीय बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित और क्षेत्रीय विकास की व्यापक संभावनाएं लेकर आने वाला बताया।

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग से उत्तराखंड को लगभग ₹1,800 करोड़ की अतिरिक्त राशि मिलने की संभावना है।

पर्यटन, कृषि और रोजगार पर फोकस

सीएम धामी ने बताया कि राज्य में पर्वतीय ट्रैकिंग ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गाइड्स के कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बादाम और अखरोट जैसी पहाड़ी फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा और स्थानीय उद्योगों को पुनर्जीवित कर नए रोजगार सृजित किए जाएंगे। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

आयुष एम्स को लेकर केंद्र से होगा आग्रह

मुख्यमंत्री ने पत्रकारवार्ता में यह भी कहा कि उत्तराखंड में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट देश के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *