चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड, 125 दिनों में 48 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून ,

उत्तराखंड में मानसून की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद चारधाम यात्रा निर्बाध रूप से जारी है। यात्रा के 125 दिनों में ही 48 लाख 04 हजार 897 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 05 लाख 22 हजार 634 अधिक है। वहीं, यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 06 लाख 68 हजार के पार पहुंच गई है।

इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ था। 21 अगस्त तक बद्रीनाथ में 16 लाख 54 हजार 263, केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 07 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री में 06 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा हेमकुंट साहिब में 02 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है।

यमुनोत्री धाम में टूटा रिकॉर्ड

यमुनोत्री धाम की यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। यहां अब तक 06 लाख 68 हजार 163 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 06 लाख 44 हजार 637 थी। इस तरह पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी टूट गया है।

यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या वर्ष 2019 में 04 लाख 65 हजार 534, 2022 में 06 लाख 21 हजार 538 और 2024 में 05 लाख 15 हजार 67 रही थी। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 06 लाख 44 हजार 637 पहुंची थी।

बद्रीनाथ में भी श्रद्धालुओं का उत्साह

भगवान बद्रीविशाल के दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बद्रीनाथ धाम में पिछले वर्ष की तुलना में 03 लाख 62 हजार 304 अधिक यात्री पहुंच चुके हैं। चारों धामों में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को यात्रा प्रबंधन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मानसून को देखते हुए विशेष सतर्कता

मानसून सीजन को देखते हुए चारधाम यात्रा को पूरी सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए मौसम को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। खराब मौसम की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोकने और परिस्थितियां सामान्य होने पर यात्रा आगे बढ़ाने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्गों, धामों और यात्रा पड़ावों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

चारधाम यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा

वर्ष 2025 में इसी अवधि तक 42 लाख 82 हजार 263 श्रद्धालुओं ने चारधाम दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 48 लाख 04 हजार 897 हो गया है। इससे स्पष्ट है कि मानसून की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और चारधाम यात्रा के प्रति उत्साह लगातार बना हुआ है।

चारधाम यात्रा में बढ़ता श्रद्धालुओं का आंकड़ा उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन के लिए एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *