NH-707A पर डिमटा बैंड के पास सड़क टूटी, कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग बंद

मसूरी-यमुना घाटी के बीच आवाजाही ठप, पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की

देहरादून ,

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क और राजमार्गों पर भूस्खलन एवं क्षति का सिलसिला जारी है। देर रात डिमटा बैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिसके चलते कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

सड़क टूटने से मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है। मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर पहुंची कैम्पटी पुलिस

सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। थानाध्यक्ष कैम्पटी योगेंद्र सिंह गुसाईं ने वाहन चालकों और यात्रियों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज तथा यमुना घाटी से मसूरी की ओर इस मार्ग पर यात्रा नहीं करने की अपील की है।

पुलिस ने लोगों से कहा है कि जब तक प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने की आधिकारिक सूचना जारी नहीं होती, तब तक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।

सड़क बहाली के लिए पहाड़ की तरफ से कटिंग की तैयारी

एनएच-707ए के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के समीप सड़क का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। विभागीय टीम मौके का निरीक्षण करेगी।

उन्होंने बताया कि यातायात जल्द बहाल करने के लिए पहाड़ की तरफ से कटिंग कर वैकल्पिक सड़क तैयार करने की संभावना पर काम किया जाएगा।

प्रशासन की अपील—अनावश्यक यात्रा से बचें

फिलहाल मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, क्षतिग्रस्त हिस्से से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और मार्ग बहाली से संबंधित आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *