पटेलनगर फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

स्विफ्ट कार के साथ रोहित दबोचा गया, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दे रही दबिश

देहरादून ,

पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग कर एक युवक को घायल किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890 भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग और एक युवक के घायल होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के संबंध में साहिल के साथी अंशुल निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी। उसके अनुसार, उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नाम के युवक से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की।

चेकिंग के दौरान आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेकपोस्टों को संदिग्ध कार सवारों की तलाश के लिए अलर्ट किया। जनपद में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नया गांव बैरियर के पास घटना में शामिल आरोपी रोहित को स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी हुई थी फायरिंग

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रोहित ने बताया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर गुरमीत और उसके साथियों ने आदित्य व उसके साथियों पर फायरिंग की थी। इस दौरान किसी को चोट नहीं लगी।

लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी स्विफ्ट कार से वहां से फरार हो गए। इसके बाद आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। पुलिस के अनुसार, शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल गोली लगने से घायल हो गया।

अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। वह वर्तमान में देहरादून के सुभारती कॉलेज में होटल मैनेजमेंट का छात्र बताया गया है।

मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।

बरामदगी: स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *