देहरादून ,
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने के साथ तिरंगा यात्राएं, शहीद सम्मान कार्यक्रम और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन और समन्वय के लिए प्रदेश स्तरीय टीम का भी गठन किया गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी 10 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच राज्य के प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट के संयोजन में अभियान की प्रदेश टीम का गठन किया गया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बन चुका है। इस पहल ने प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक मजबूत किया है।
अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण करेंगे। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, संवैधानिक कर्तव्यों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान से अवगत कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा करेगा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और नागरिक सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाना है।