देहरादून ,
बारिश के बाद सीमाद्वार और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबा और कूड़ा हटाने तथा डिवाटरिंग पंप के माध्यम से जमा पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान होने तक सीमाद्वार क्षेत्र में पटवारी लगातार निगरानी रखेंगे। पटवारी डिवाटरिंग कार्यों की मॉनिटरिंग करने के साथ स्थानीय समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल निस्तारण कराएंगे। समस्या के त्वरित समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक बजट को मंजूरी दी गई।
स्थायी समाधान के लिए तैयार होगी ड्रेनेज सिस्टम की DPR
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमाद्वार क्षेत्र में जलभराव का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को जल निकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वे कर स्थायी ड्रेनेज सिस्टम की DPR तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना को केवल कागजों तक सीमित न रखते हुए इसके क्रियान्वयन में भी तेजी लाई जाए।
न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई
सीमाद्वार से पहले डीएम ने न्यूकैंट रोड की यातायात व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर कई वाहनों के चालान किए गए। साथ ही अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को हटाने तथा सड़क पर No Parking Sign Boards लगाने के निर्देश दिए गए।
न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए होगा सर्वे
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने की कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।