सीएम धामी ने उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का किया विमोचन

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट एवं ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और युवाओं की सामाजिक भागीदारी को समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।

मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश को नई दिशा दी जा सकती है।

बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने समिति के सदस्यों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। इससे नई पीढ़ी समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी।

युवाओं की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने और उत्तराखंड के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर समाज के विकास को गति दी जा सकती है।

इस अवसर पर विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *