देहरादून ,
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में 100 प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार उक्त दोनों दिनों में प्रदेश की महिलाओं को निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
मायके और परिजनों तक पहुंचना होगा आसान
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार की इस पहल से उन्हें पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनका आवागमन भी आसान होगा।
निगम को होने वाले खर्च की सरकार करेगी भरपाई
अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी की ओर से जारी शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का यह निर्णय रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं के लिए सुविधा और आर्थिक राहत के साथ-साथ महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।